उत्तराखंड

मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़-मुनस्यारी और हल्द्वानी-अल्मोड़ा हेली सेवाओं का किया शुभारंभ

“दूरस्थ क्षेत्रों में आम नागरिकों को सुगम परिवहन उपलब्ध होगा, पर्यटन और आर्थिक विकास को मिलेगी नई गति” – मुख्यमंत्री

Listen to this article

देहरादून, 1 अक्टूबर 2025।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास से वर्चुअल माध्यम से पिथौरागढ़-मुनस्यारी-पिथौरागढ़ और हल्द्वानी-अल्मोड़ा-हल्द्वानी हेली सेवाओं का शुभारंभ किया। ये सेवाएं क्षेत्रीय संपर्क योजना (उड़ान योजना) के अंतर्गत शुरू की गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन हवाई सेवाओं से राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों में आम नागरिकों को सुगम और तेज परिवहन उपलब्ध होगा। उन्होंने बताया कि अल्मोड़ा और मुनस्यारी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल हैं, जो देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। अब हल्द्वानी से अल्मोड़ा तक 3 से 4 घंटे का सफर महज़ कुछ मिनटों में पूरा किया जा सकेगा। इससे पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई उड़ान योजना ने प्रदेश के हवाई संपर्क को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। राज्य में 18 हेलीपोर्ट्स विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें से अब तक 12 पर सेवाएं शुरू हो चुकी हैं।

अब तक हेली सेवाओं से गौचर, जोशियाड़ा, हल्द्वानी, मुनस्यारी, मसूरी, पिथौरागढ़, पंतनगर, चंपावत, बागेश्वर, नैनीताल और अल्मोड़ा जैसे क्षेत्रों को जोड़ा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में अन्य महत्वपूर्ण स्थानों को भी इस सुविधा से जोड़ा जाएगा। साथ ही, जौलीग्रांट और पंतनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए विकसित करने पर भी कार्य हो रहा है।

सेवा का शेड्यूल और किराया

  • पिथौरागढ़ से मुनस्यारी: सुबह 10:30 बजे व दोपहर 1:50 बजे
  • मुनस्यारी से पिथौरागढ़: सुबह 10:50 बजे व दोपहर 2:10 बजे
  • हल्द्वानी से अल्मोड़ा: सुबह 11:50 बजे व दोपहर 3:10 बजे
  • अल्मोड़ा से हल्द्वानी: दोपहर 12:50 बजे व शाम 4:10 बजे
  • किराया: ₹2500 (टिकट बुकिंग – airheritage.in)

इस अवसर पर सचिव युकाडा श्री सचिन कुर्वे, मुख्य कार्यकारी अधिकारी युकाडा श्री आशीष चौहान और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button