उत्तराखंडक्राइम

ओवरटेकिंग विवाद में रिटायर्ड ब्रिगेडियर की गोली मारकर हत्या

Listen to this article

देहरादून |
राजधानी देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह ओवरटेकिंग को लेकर हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दौरान हुई फायरिंग में मॉर्निंग वॉक पर निकले एक रिटायर्ड आर्मी ब्रिगेडियर की गोली लगने से मौत हो गई। घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस के अनुसार सुबह करीब 6:50 बजे जोहड़ी गांव (मालसी) के पास मसूरी रोड पर दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो कार सवारों के बीच रास्ता न देने को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और स्कॉर्पियो सवार लोगों ने फॉर्च्यूनर कार का पीछा करते हुए उसे रोकने के लिए टायरों पर फायरिंग कर दी।
इसी दौरान सड़क किनारे मॉर्निंग वॉक कर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी को गोली लग गई। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना के दौरान फॉर्च्यूनर कार अनियंत्रित होकर जोहड़ी गांव स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के पास एक पेड़ से टकरा गई। इसके बाद स्कॉर्पियो सवार आरोपियों ने कार में सवार लोगों के साथ मारपीट की और वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस हमले में फॉर्च्यूनर में सवार दो लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वारदात को अंजाम देने के बाद स्कॉर्पियो सवार सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोभाल, एसपी सिटी और राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने पूरे जनपद में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत से उनके परिवार में शोक की लहर है, वहीं स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button