
देहरादून:
कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सोशल मीडिया की राष्ट्रीय चेयरपर्सन सुप्रिया श्रीनेत ने राजीव भवन स्थित कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने महिला आरक्षण को लेकर केंद्र सरकार की नीयत पर सवाल उठाते हुए कहा कि मौजूदा सीटों पर ही आरक्षण लागू किया जाना चाहिए, लेकिन सरकार की मंशा इसे लागू करने की नहीं है।
उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण की नींव कांग्रेस ने रखी थी और वर्ष 2010 में इसे लागू करने की कोशिश भी की गई थी, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। श्रीनेत ने आरोप लगाया कि भाजपा ने इस प्रक्रिया में जनगणना और परिसीमन जैसे नए शर्तें जोड़कर इसे और जटिल बना दिया है। उनका कहना था कि भाजपा महिला आरक्षण को लेकर कभी गंभीर नहीं रही और महिलाओं से जुड़े अपराधों में भी वृद्धि हुई है।
उन्होंने भाजपा पर “ढोंग की राजनीति” करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी सड़क पर विरोध का नाटक कर रही है, जबकि नीतिगत स्तर पर महिलाओं के हितों की अनदेखी की जा रही है। साथ ही उन्होंने विदेश नीति और महंगाई के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा।
इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक पास हो चुका है, लेकिन भाजपा इसे लेकर भ्रम फैला रही है। उन्होंने मांग की कि उत्तराखंड की सभी 70 विधानसभा सीटों पर आरक्षण लागू किया जाए।
प्रेस वार्ता में गरिमा दसौनी, अभिनव थापर, शीशपाल और अमरजीत सिंह सहित कई कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।


