प्रतापनगर में उप जिला चिकित्सालय समेत विकास कार्यों को मिले गति: भजराम पंवार

सीएम धामी से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के समाधान और सीएम घोषणाओं में शामिल करने की मांग
नई टिहरी। प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर भाजपा पुस्तकालय एवं दस्तावेज विभाग के प्रदेश संयोजक भजराम पंवार ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री को क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराते हुए इनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने तथा महत्वपूर्ण कार्यों को मुख्यमंत्री घोषणाओं में शामिल करने का अनुरोध किया।
भजराम पंवार ने कहा कि टिहरी बांध प्रभावित प्रतापनगर क्षेत्र में आज भी कई मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। स्वास्थ्य, पेयजल, शिक्षा और सड़क जैसी बुनियादी जरूरतों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किए जाने की आवश्यकता है।
उन्होंने सीएचसी प्रतापनगर को उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत करने की मांग प्रमुखता से रखी। इसके साथ ही भदूरा पट्टी की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए लाटा (चमियाला) से पंपिंग पेयजल योजना के निर्माण का प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।
स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं को मजबूत करने की मांग
पंवार ने मुखेम को उपतहसील का दर्जा देने तथा समेंडीधार (ढुंग-मंदार) क्षेत्र में आईटीआई की स्थापना की मांग की। उन्होंने पीएचसी रजाखेत, समेंडीधार और कांडीखाल को सीएचसी में उच्चीकृत करने का भी अनुरोध किया, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने डोबरा में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए आवश्यक स्तर पर पैरवी करने की भी मुख्यमंत्री से अपील की।
सड़क और पर्यटन विकास पर भी जोर
प्रतापनगर के ऐतिहासिक और प्राकृतिक महत्व को देखते हुए पंवार ने क्षेत्र में इको पार्क विकसित करने का सुझाव दिया। इसके तहत भेलुंता से जाखणीखाल (रैका) तक सड़क निर्माण की मांग भी रखी गई।
इसके अलावा खोलगढ़ से राजू की सारी होते हुए तहसील परिसर तक सड़क तथा क्यार्थी से किमखेत-रमोली तक सड़क निर्माण को भी प्राथमिकता देने का आग्रह किया गया।
पंवार ने कहा कि बेहतर सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ शिक्षा एवं पेयजल से जुड़ी योजनाओं के विकसित होने से प्रतापनगर क्षेत्र में विकास को नई गति मिल सकती है।
सीएम ने दिया सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा
भजराम पंवार के अनुसार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनके द्वारा रखी गई समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री के स्तर से इन प्रस्तावों पर शीघ्र निर्णय होने से प्रतापनगर क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से राहत मिलेगी।



