उत्तराखंड

हरिद्वार श्यामपुर में आबादी में घुसा हाथियों का झुंड, नीलेश्वर महादेव मंदिर में मचा हड़कंप

Listen to this article

हरिद्वार। श्यामपुर क्षेत्र में बीती रात जंगली हाथियों के झुंड ने आबादी में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। हाथियों का झुंड जंगल की ऊंची पहाड़ी पर स्थित नीलेश्वर महादेव मंदिर परिसर तक पहुंच गया। इस दौरान एक हाथी मंदिर के अंदर भी घुस गया और काफी देर तक परिसर में चहल-कदमी करता रहा। हाथियों की चिंघाड़ और तोड़फोड़ की आवाज से मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

घटना के समय मंदिर के पुजारी और कर्मचारी भवन के अंदर सो रहे थे। हाथियों की आवाज सुनकर उनकी नींद खुली तो उन्होंने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। हाथियों के मंदिर परिसर में पहुंचने के बाद उन्हें जंगल की ओर भगाने के प्रयास शुरू किए गए।

मंदिर के कर्मचारियों और पुजारी ने सूझबूझ दिखाते हुए घंटे-घड़ियाल बजाए, ताकि हाथियों को परिसर से बाहर किया जा सके। सूचना मिलने पर श्यामपुर रेंज की वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। वनकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद हाथियों को मंदिर और आबादी क्षेत्र से दूर जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास किया। इस दौरान मंदिर में मौजूद लोगों के बीच दहशत का माहौल बना रहा।

आबादी में भी दिखाई दिया हाथियों का झुंड

बताया जा रहा है कि हाथियों का यह नया झुंड श्यामपुर क्षेत्र में सक्रिय है और रात के समय आबादी की ओर पहुंच रहा है। नीलेश्वर महादेव मंदिर में घुसने से पहले हाथियों का झुंड श्यामपुर के आबादी क्षेत्र में भी दिखाई दिया था। हाथियों की गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम रातभर क्षेत्र में निगरानी करती रही और उन्हें आबादी से दूर रखने का प्रयास किया।

मंदिर परिसर में घुसे हाथी का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में हाथी को मंदिर परिसर में घूमते हुए देखा जा सकता है।

वन विभाग ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील

श्यामपुर रेंज अधिकारी विवेक जोशी ने बताया कि क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों पर वन विभाग की टीम लगातार नजर रख रही है। आबादी की ओर हाथियों की आवाजाही को देखते हुए कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने लोगों से अपील की कि हाथी दिखाई देने पर उनके करीब न जाएं और उन्हें घेरने या भगाने का प्रयास खुद न करें। वन विभाग ने लोगों से हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और उनकी मौजूदगी की सूचना तत्काल वन विभाग को देने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button