पौड़ी में दर्दनाक सड़क हादसा: खाई में गिरी यात्रियों से भरी गाड़ी, आठ की मौत और चार घायल

भंगलवाड़ गांव के सात महिलाओं समेत आठ लोगों की गई जान, प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख और सीएम धामी ने चार-चार लाख रुपये सहायता देने की घोषणा की
देहरादून। पौड़ी गढ़वाल जिले के लैंसडाउन क्षेत्र में शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। रिखणीखाल से करीब 25 किलोमीटर आगे कलवाड़ी गांव के पास 12 यात्रियों से भरा वाहन अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक समेत आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। मृतकों में सात महिलाएं शामिल हैं और सभी भंगलवाड़ गांव के निवासी बताए गए हैं।
जानकारी के अनुसार हादसा शनिवार दोपहर करीब एक बजे हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। घायलों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे में एक ही गांव के आठ लोगों की मौत से भंगलवाड़ सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतकों के परिजनों को छह लाख रुपये की सहायता
हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजन को दो लाख रुपये और घायल व्यक्ति को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए राज्य सरकार की ओर से प्रत्येक मृतक के परिजन को चार लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। इस प्रकार मृतकों के परिजनों को केंद्र और राज्य सरकार की ओर से कुल छह लाख रुपये तथा प्रत्येक घायल को कुल एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर अपने संदेश में हादसे में लोगों की मौत पर दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि दुख की इस घड़ी में प्रदेश सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने घायलों के समुचित उपचार और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
हादसे में जान गंवाने वाले आठ लोगों के नाम
हादसे में जान गंवाने वालों में कांति देवी (45), रेखा देवी (42), सुमित्रा देवी (50), सुनीता देवी (45), धनेश्वरी देवी (46), सरोजनी देवी (38), रजनी देवी (25) और वाहन चालक अनिल देबराड़ा (48) शामिल हैं। सभी मृतक भंगलवाड़ गांव के निवासी बताए गए हैं।
एक ही गांव के सात महिलाओं और चालक की मौत से क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।



