उत्तराखंड

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने राजभवन परिसर में ‘भगीरथ उद्यान’ का किया उद्घाटन

राजा भगीरथ की भव्य प्रतिमा का अनावरण, कर्तव्यनिष्ठा और लोककल्याण का संदेश देगा उद्यान

Listen to this article

देहरादून, 22 सितम्बर 2025। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) और मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को राजभवन परिसर में निर्मित ‘भगीरथ उद्यान’ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर दोनों गणमान्य व्यक्तियों ने महान राजा भगीरथ की भव्य प्रतिमा का अनावरण भी किया।

लगभग 10 फीट ऊँची प्रतिमा को 8 फीट ऊँचे ग्रेनाइट चबूतरे पर स्थापित किया गया है। इसे हरिद्वार के प्रख्यात कलाकार श्री शिवम चौरसिया ने फाइबर और रेजिन से निर्मित किया है। प्रतिमा के आसपास विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया है, जो उद्यान को हरियाली और आध्यात्मिकता से परिपूर्ण बनाते हैं।

उद्यान के उद्घाटन अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि यह प्रतिमा केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि एक जीवंत प्रेरणा-स्तंभ है। उन्होंने कहा कि यहाँ नक्षत्र, प्रकृति, मंदिर और पर्वत मिलकर यह संदेश देते हैं कि जब ध्येय लोककल्याण हो, तो देवत्व और प्रकृति स्वयं मार्ग प्रशस्त करते हैं। राज्यपाल ने उद्यान के निर्माण में जुटे अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह प्रतिमा राजभवन आने वाले प्रत्येक नागरिक और अतिथियों को कर्तव्यनिष्ठा, लोककल्याण और भारतीय संस्कृति का संदेश देती रहेगी। उन्होंने कहा कि यह हमें सदैव स्मरण कराएगी कि ‘भगीरथ प्रयत्न’ ही महान लक्ष्यों की प्राप्ति का मार्ग है।

उद्घाटन से पूर्व राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने राजभवन स्थित राजप्रज्ञेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देशवासियों की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर सचिव राज्यपाल श्री रविनाथ रामन, विधि परामर्शी श्री कौशल कुमार किशोर, अपर सचिव श्रीमती रीना जोशी, अपर सचिव मुख्यमंत्री श्री बंशीधर तिवारी, अपर सचिव लो.नि.वि. विनीत कुमार, देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पंडया, उत्तराखण्ड संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिनेश चन्द्र शास्त्री, वित्त नियंत्रक डॉ. तृप्ति श्रीवास्तव, सहायक अभियंता लो.नि.वि. श्री विजय धस्माना, उद्यान अधिकारी दीपक पुरोहित सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button