उत्तराखंडक्राइम

देहरादून में देह व्यापार का भंडाफोड़, तीन महिलाओं समेत छह गिरफ्तार; नाबालिग का रेस्क्यू

Listen to this article

देहरादून। पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र में किराए के कमरे में चल रहे कथित देह व्यापार के धंधे का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से तीन महिलाओं और तीन पुरुषों को गिरफ्तार किया है। वहीं, कमरे से एक नाबालिग लड़की को भी बरामद कर सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। पुलिस के अनुसार, नाबालिग को दिल्ली से मसूरी घुमाने के बहाने देहरादून लाया गया था और बाद में उसे कमरे में बंधक बनाकर गलत काम के लिए दबाव बनाया जा रहा था।

नीलकंठ एनक्लेव में पुलिस की छापेमारी

पुलिस के मुताबिक, एक अक्टूबर को पटेलनगर कोतवाली पुलिस को हरभजवाला स्थित नीलकंठ एनक्लेव में देह व्यापार संचालित किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम ने मकान में छापा मारा। मौके से तीन महिलाएं, तीन पुरुष और एक नाबालिग लड़की मिली। तलाशी के दौरान आपत्तिजनक सामग्री के साथ देह व्यापार से अर्जित बताए गए 18 हजार रुपये भी बरामद किए गए।

दिल्ली से महिलाओं को बुलाने का आरोप

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी मनीष कुमार लखेड़ा ने मकान किराए पर लिया था। आरोप है कि वह दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार कराता था। पुलिस के अनुसार, ग्राहकों से कथित तौर पर व्हाट्सऐप के माध्यम से संपर्क किया जाता था और उन्हें महिलाओं की तस्वीरें भेजी जाती थीं। ग्राहक की पसंद के आधार पर महिलाओं को कमरे या ग्राहक के बताए स्थान पर भेजने की बात भी सामने आई है।

मसूरी घुमाने के बहाने नाबालिग को लाने का आरोप

पुलिस के अनुसार, नाबालिग लड़की को आरोपी का साथी अभिषेक दिल्ली से मसूरी घुमाने के बहाने देहरादून लेकर आया था। आरोप है कि कमरे में लड़की पर गलत काम के लिए दबाव बनाया गया। विरोध करने पर उसे जबरन कमरे में रोककर रखा गया। पुलिस ने नाबालिग को रेस्क्यू कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

छह आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में मनीष कुमार लखेड़ा, अभिषेक और भानू उर्फ सिद्धान्त के अलावा दिल्ली की तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं, पॉक्सो एक्ट और अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button