उत्तराखंडक्राइम

गिरधारी साहू की तलाश में नेपाल तक पहुंची जांच, करीबी सतेंद्र राठौर की तलाश में एसआईटी की दबिश

Listen to this article

बरेली से बस्ती और फिर सोनौली बॉर्डर के रास्ते नेपाल पहुंचने की जानकारी, छह से अधिक संभावित ठिकानों पर हो चुकी है छापेमारी

देहरादून। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू की तलाश में जुटी विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने अब उनके करीबी सतेंद्र राठौर की तलाश तेज कर दी है। जांच एजेंसी को उम्मीद है कि सतेंद्र से पूछताछ में गिरधारी के ठिकानों, संपर्कों और मामले से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं। इस बीच पुलिस ने गिरधारी की एक करीबी युवती से भी पूछताछ की है।

जांच में सामने आया है कि गिरधारी बरेली से निकलकर बस्ती पहुंचे और वहां से सोनौली बॉर्डर के रास्ते नेपाल में प्रवेश कर गए। एसआईटी अब तक उनकी तलाश में छह से अधिक संभावित ठिकानों पर दबिश दे चुकी है, लेकिन उनका पता नहीं चल पाया है। टीम गिरधारी के संपर्क में रहे लोगों की गतिविधियों और भूमिका की भी जांच कर रही है।

करीबी सतेंद्र राठौर की तलाश तेज

पुलिस सूत्रों के अनुसार, एसआईटी अब तक जिन लोगों के बयान दर्ज कर चुकी है, उनमें सतेंद्र राठौर का नाम सामने आया है। सतेंद्र को गिरधारी का करीबी बताया जा रहा है। माना जा रहा है कि उसे कंपनियों के रिकॉर्ड और अन्य संपत्तियों से जुड़ी जानकारी है। एसआईटी उससे पूछताछ कर गिरधारी की फरारी और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाना चाहती है। इसी वजह से उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।

पांच लोगों के बयान दर्ज, ऑडियो की फॉरेंसिक जांच

रेखा आर्या की शिकायत पर 15 अक्तूबर को देहरादून के कैंट थाने में गिरधारी लाल साहू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शिकायत में मारपीट, जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने, धोखाधड़ी और दस्तावेजों में कथित जालसाजी समेत कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मंत्री ने एक कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर हत्या की साजिश रचे जाने का आरोप भी लगाया है। एसआईटी इस ऑडियो को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज चुकी है।

एसपी ग्रामीण जया बलूनी के नेतृत्व में गठित एसआईटी अब तक पांच लोगों के बयान दर्ज कर चुकी है। कुछ करीबियों को देहरादून बुलाकर भी पूछताछ की गई है। टीम बरेली और अन्य स्थानों से जुटाए गए दस्तावेजों और बयानों का मिलान कर रही है। जांच में गिरधारी के संपर्कों, करीबियों की भूमिका और शिकायत में लगाए गए आरोपों की तथ्यात्मक पुष्टि पर ध्यान दिया जा रहा है।

एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल के अनुसार, मामले की जांच जारी है। पुलिस ने कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button