उत्तराखंडक्राइम

देहरादून लूटकांड पर बजरंग दल और पुलिस आमने-सामने, सिद्धांत बड़ोनी की गिरफ्तारी पर उठाए सवाल; सीबीआई जांच की मांग

Listen to this article

देहरादून। पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र में 14 लाख रुपये की लूट के मामले में बजरंग दल कार्यकर्ता सिद्धांत बड़ोनी की गिरफ्तारी के बाद विवाद गहरा गया है। बजरंग दल ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले को फर्जी करार दिया है और इसकी सीबीआई जांच कराने की मांग की है। वहीं, पुलिस ने संगठन के आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि सात आरोपियों की गिरफ्तारी पर्याप्त चश्मदीदों के बयानों और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर की गई है। सभी सात आरोपी न्यायिक हिरासत में जेल भेजे जा चुके हैं।

बजरंग दल के प्रांतीय अध्यक्ष अनुज वालिया ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि एक सामान्य विवाद को लूट का मामला बना दिया गया है और सिद्धांत बड़ोनी को झूठे मुकदमे में फंसाया गया है। उन्होंने घटनास्थल के व्यस्त चौराहे पर होने, वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और कथित तौर पर लूटी गई 14 लाख रुपये की रकम को लेकर सवाल उठाए। संगठन ने शिकायतकर्ता राजेश कुमार सोनी के कारोबार और इतनी बड़ी नकदी के स्रोत की भी जांच कराने की मांग की है।

अनुज वालिया ने दावा किया कि सिद्धांत बड़ोनी ने दुर्घटना में घायल एक व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने में मदद की थी। उन्होंने पुलिस हिरासत में सिद्धांत के साथ मारपीट और अमानवीय व्यवहार किए जाने का भी आरोप लगाया। बजरंग दल ने पूरे लूटकांड और कथित पुलिस प्रताड़ना की सीबीआई जांच कराने के साथ संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।

वहीं, पुलिस ने संगठन के आरोपों को निराधार बताते हुए अपनी कार्रवाई का बचाव किया है। एसपी सिटी शेखर चंद्र सुयाल के अनुसार, मामले की करीब डेढ़ सप्ताह तक गहन जांच की गई। इस दौरान चश्मदीदों के बयान, पर्याप्त साक्ष्य और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए गए। इन्हीं के आधार पर अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस की कार्रवाई किसी संगठन को निशाना बनाकर नहीं, बल्कि आरोपियों की भूमिका और उनके खिलाफ मिले साक्ष्यों के आधार पर की गई है।

एसपी सिटी ने यह भी कहा कि बजरंग दल की ओर से उठाए गए सवालों को वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। संगठन के प्रतिनिधियों से बातचीत कर उनके द्वारा रखे गए बिंदुओं पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि संगठन के पास कोई तथ्य या साक्ष्य हैं तो उन्हें भी जांच के दायरे में लिया जा सकता है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार सातों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं और संदिग्धों की भूमिका की भी जांच जारी है। फिलहाल सिद्धांत बड़ोनी की गिरफ्तारी को लेकर बजरंग दल और पुलिस के बीच टकराव बढ़ता नजर आ रहा है। जहां संगठन सीबीआई जांच की मांग पर अड़ा है, वहीं पुलिस अपनी कार्रवाई को साक्ष्य आधारित बता रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button